पूर्णिया: शनिवार को मौसम ने शहर के लोगों को परेशान किया। हालांकि आद्रता कम होने के कारण चिलचिलाती धूप के बाद भी शहर का तापमान ज्यादा नहीं बढ़ा। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया और न्यूनतम तापमान 26.7 दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले शुक्रवार को शहर का उच्चतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया था। विभाग ने जानकारी दी कि शनिवार शाम से ही मौसम करबट बदल सकती है। इसलिए रविवार को बारिश के आसार हैं।
दिन भर धूप खिली रहने के कारण शहर के तापमान में एक डिग्री से ज्यादा की बढोतरी हुई है। सुबह गर्मी के साथ उमस भी थी इसकी वजह थी कि सुबह आद्रता 81 थी। लेकिन दिन बढ़ने के साथ उमस कम होती गयी। क्योंकि शाम में आद्रता 65 हो चुकी थी। जबकि रात को ओस की बुंदें भी गिरी थी। रात में बाहर खड़ी बाइक की सीट पर ओस की इतनी बूंदें गिरी थी कि लगता था कि सीट को किसी ने धो दिया है। ओस के कारण ही सुबह आद्रता ज्यादा थी। मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक वी के झा ने बताया कि दिन भर वायुमंडल का दबाव बढ़ा हुआ रहा इसलिए बादल कहीं भी नजर नहीं आया। लेकिन शाम के बाद वायुदाब घटना शुरू हुआ है।
शनिवार को दिन भर तीखी धूप खिली रही। इसके कारण गर्मी से लोग परेशान रहे। खुश्कीबाग के रहने वाले चंदन चमन ने बताया कि वो घर में आराम फरमाते रहे। बाहर निकलते ही धूप के कारण उनको परेशानी होने लगती थी। इसलिए काम काज छोड़ कर घर पर ही रहे। ऐसे कितने ही लोग थे जो शनिवार को गर्मी से परेशान रहे और बस जरूरी काम को निपटाने के लिए ही घर से बाहर निकले। गर्मी के कारण दोपहर तक बाजार भी सूना रहा। सड़कों पर कम ही लोग नजर आए।
(सभार/सौजन्य से)



Share To:

Post A Comment: